logo

नौकरी की तलाश में निरक्षरों की बढ़ी भागीदारी, बिहार सबसे आगे; ये राज्य भी हैं शामिल

jobs5.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रोजी-रोजगार की तलाश में निरक्षर भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। देशभर में नौकरी के लिए निबंधन कराने वाले निरक्षरों में सबसे अधिक संख्या बिहार की है, जहां 53 फीसदी लोग रोजगार की खोज में जुटे हैं। दिसंबर 2024 तक नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर नौकरी पाने के लिए 11 लाख 3 हजार 804 निरक्षरों ने पंजीकरण किया है, जिनमें से 6 लाख 18 हजार लोग सिर्फ बिहार से हैं। अन्य राज्यों की तुलना में बिहार में निरक्षरों द्वारा निबंधन की संख्या कहीं अधिक है।

नौकरी पाने के लिए कराया पंजीकरण
मिली रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के बाद पश्चिम बंगाल में 2 लाख 5 हजार 933 (18.66 फीसदी) निरक्षरों ने नौकरी पाने के लिए पंजीकरण कराया है। वहीं, महाराष्ट्र के 1 लाख 95 हजार 880 (17.75 फीसदी) और उत्तर प्रदेश के महज 10 हजार 818 (0.98 फीसदी) निरक्षर ही पंजीकरण कर पाए हैं। दिल्ली और झारखंड में यह संख्या और भी कम है, जहां क्रमशः 0.04 फीसदी और 0.49 फीसदी लोग ही रोजगार की तलाश में पोर्टल पर पंजीकरण कर पाए हैं।NCS पोर्टल पर कराया रजिस्टर
NCS पोर्टल पर रजिस्टर करने वाले केवल निरक्षर ही नहीं, बल्कि विभिन्न शैक्षिक स्तरों के लोग भी शामिल हैं। अब तक कुल 5 करोड़ 29 लाख 2 हजार 62 लोग इस पोर्टल पर पंजीकरण कर चुके हैं, जिसमें बिहार के 37 लाख 83 हजार 469 लोग (7.15 फीसदी) शामिल हैं। 

इस पोर्टल के माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार मेला और जॉब फेयर में शामिल होने का अवसर मिलता है, जहां पंजीकरण कराए लोग ही भाग ले सकते हैं। हालांकि, रोजगार मेला के दौरान भी बेरोजगारों को ऑन द स्पॉट पंजीकरण की सुविधा मिलती है, जिससे उन्हें मौके पर ही रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। NCS पोर्टल बेरोजगारों के लिए एक महत्वपूर्ण साधन साबित हो रहा है, जहां नौकरी से जुड़ी सारी जानकारी एक जगह उपलब्ध होती है। युवा अब www.ncs.gov.in पर अपना पंजीकरण कराकर रोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।

Tags - NCS Portal Illiterate People Job Search Job News Bihar News Latest News Breaking News